पैसे बांटने से रोका तो अकाली सरपंच ने हाथ काटा




पूर्व कांग्रेसी सरपंच ने किया था विरोध, अकालियों ने घर आकर किया हमला, पड़ोसी की अंगुलियां भी कटीं, छापेमारी जारी, गिरफ्तारी नहीं 
प्रचार थमा-जोर बढ़ा | लंबी-जलालाबाद-मजीठा अतिसंवेदनशील, पट्‌टी में मतदान से पहले हिंसक घटना 

सीएम परकाश सिंह बादल के दामाद कैबिनेट मिनिस्टर आदेश प्रताप सिंह कैरों के हलके पट्‌टी में वीरवार को हिंसक वारदात हुई। एफआईआर के मुताबिक, पूर्व कांग्रेसी सरपंच हरजिंदर सिंह बोपाराय ने बुधवार देर रात अकाली सरपंच सुखदेव सिंह को पैसे बांटने से रोका था। आरोप है कि सुखदेव कुछ और अकाली वर्करों के साथ मिलकर लोगों को घर जाकर दो-दो हजार रुपए के नोट बांट रहा था।
वीरवार सुबह अकाली सरपंच समेत आठ लोगों ने पूर्व कांग्रेसी सरपंच पर घर पहुंचकर हमला किया। तेजधार हथियार से उसका एक हाथ काट दिया, साथ ही एक और व्यक्ति की दो अंगुलियां। डीएसपी अश्वनी कुमार ने बताया कि इस मामले में एक महिला समेत कुल आठ लोगों पर केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में छापामारी चल रही है।
हमलावरों में एक महिला भी थी, शोर-शराबा बढ़ा तो भाग निकले ..
अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती हरजिंदर ने बताया- 'अकाली सरपंच सुखदेव वोटरों को अपने हक में करने के लिए दो-दो हजार रुपए के नोट बांट रहा था। ये घटना रात सात से आठ बजे के बीच की है। सूचना मिली तो हम लोग विरोध करने पहुंच गए। सुखदेव के साथ वरयाम सिंह, बलसेवक सिंह, चरण सिंह, सतनाम सिंह, गुरलाल सिंह, नरिंदर कौर और जगसीर सिंह थे। हमने उन्हें रोका तो झड़प हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद हम घर लौट आए।' पुलिस के अनुसार, सुबह साढ़े सात बजे आरोपियों ने तेजधार हथियारों से लैस होकर घर पर ही हमला बोल दिया। इसमें हरजिंदर का एक हाथ कट गया। उनके पड़ोसी बहादुर सिंह के हाथ की दो अंगुलियां कटीं हैं। 

No comments:

IMPORTANT-------ATTENTION -- PLEASE

क्या डबवाली में BJP की इस गलती को नजर अंदाज किया जा सकता है,आखिर प्रशासन ने क्यों नहीं की कार्रवाई