कठपुतली की तरह काम कर रहे कांग्रेस के कुछ पार्षद, विकास कार्य में बने हुए हैं बाधा: देव कुमार शर्मा
#dabwalinews
डबवाली-
रेलवे फाटक से लेकर कबीर चौक तक बन रही नईं अनाज मंडी रोड़ का कार्य एक साजिश के तहत रुकवाकर कांग्रेस नेताओं ने अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। भाजपा सरकार को बदनाम करने के इरादे से कांग्रेसियों द्वारा यह गंदा खेल खेला जा रहा है। लेकिन इसमें वह सफल नहीं होंगे क्योंकि उनके इरादे पब्लिक के समक्ष बेनकाब हो चुके हैं। यह बात वरिष्ठ भाजपा एवं हरियाणा एग्रो के डायरेक्टर देव कुमार शर्मा ने वीरवार को एक प्रैस बयान में कही। उन्होंने कहा कि पहले तो खस्ताहाल हो चुकी नईं अनाज मंडी रोड़ का निर्माण शुरू करवाने में ही कांग्रेसियों द्वारा अडंगे लगाए गए। इसके बाद भरसक प्रयासों से रोड़ निर्माण का ठेका ही नहीं निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया। लेकिन यह सब भी कांग्रेसियों को रास नही आया और रोड़ का 40 प्रतिशत कार्य होने के बाद फिर से एक साजिश के तहत काम रूकवा दिया। कई माह काम बंद रहने के बाद अब एक साजिश के तहत ठेका ही रद्द कर दिया गया है। रोड़ का डिजाइन दोबारा बनाने की बहानेबाजी की जा रही है। ऐसा पहली बार देखा गया है कि रोड़ निर्माण का ठेका होने के बाद डिजाइन दोबारा बनाने के नाम पर उसका ठेका रद्द कर दिया गया हो। वास्तविक्ता यह है कि कांग्रेसी नेता डबवाली शहर में विकास कार्य नहीं होने देना चाहते। उन्होंने कहा कि नगरपरिषद में कांग्रेस के लोगों की सत्ता है इसलिए वह नहीं चाहते कि शहर में विकास हो और भाजपा सरकार की लोकप्रियता बरकरार रहे। देव कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि यह सब कुछ कांग्रेस नेता डा. केवी सिंह के इशारे पर किया जा रहा है। कांग्रेस पार्षद उनकी कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं और कोई तकनीकी जानकारी नहीं होने के बावजूद कांग्रेस के कुछ पार्षद विकास कार्य होने मेें बड़ी बाधा बन कर रह गए है। कांग्रेस के दो पार्षदों सहित गठित एक कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर रोड़ का टेंडर रद्द करने का षडयंत्र रचा गया जिसके सबूत भी उपलब्ध हैं। यह सब कुछ कांग्रेस द्वारा राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के तहत होने वाले विकास सभी कार्य सभी जगहों पर ठीक तरह से चल रहे हैं लेकिन जो कार्य नगरपरिषद के अंतर्गत शुरू करवाए जाते हैं वहीं कार्य सिरे चढ़ाने में समस्या सामने आती है।
देवकुमार शर्मा ने बताया कि नईं अनाज मंडी रोड़ का निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवाने के लिए उन्होंने चंडीगढ़ में सीएम विंडो पर एक शिकायत भी दर्ज करवाई है व इसे लेकर स्थानीय निकाय विभाग के मुख्य अधिकारी से भी मिले थे। डबवाली के एसडीएम को भी मिलकर इस रोड़ के बारे में बताते हुए उन्हें रोड़ निर्माण का पुराना टेंडर रद्द न करने व उसी अनुसार कार्य तुरंत करवाने की मांग की है ताकि लोगों को आ रही दिक्कत को जल्द दूर किया जा सके। देवकुमार शर्मा ने यह भी ऐलान किया कि वे जल्द ही शहर में एक पोल खोल अभियान चलाएंगे जिसके तहत विकास कार्य में बाधा बने कांग्रेसियों को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हरियाणा के पांच नगर निगमों के चुनावों में लोगों ने कांग्रेस को सबक सिखाया है वैसा ही डबवाली की जनता भी भविष्य के चुनावों में कांग्रेसियों को सबक सिखाएगी।
Labels:
Political
No comments:
Post a Comment