हरियाणा में पांच सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी लगभग तय, पांच अन्य सीटों पर राहुल करेंगे फैसला

 बिजेन्दर बंसल
 हरियाणा में लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर कांग्रेस हाईकमान असमंजस में है। कांग्रेस ने पांच लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार लगभग तय कर लिए हैं,
जबकि पांच सीटों पर अभी पेंच फंसा हुआ है। करनाल, हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी स्वयं करेंगे। इन सीटों में एक गुरुग्राम लोकसभा सीट पर प्रत्याशी सबसे बाद में घोषित होगा। कांग्रेस आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना को भी ध्यान में रखकर चल रही है। यदि ऐसा होता है तो गुरुग्राम की सीट आप के लिए छोड़ी जा सकती है।

नई दिल्ली में सोनिया गांधी के दस जनपथ आवास पर हुई केंद्रीय चुनाव समिति की करीब तीन घंटे चली बैठक में हरियाणा पर सबसे बाद में चर्चा हुई। पार्टी के प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, अहमद पटेल और केसी वेणुगोपाल के साथ सभी 10 सीटों के लिए बनाए गए पैनल पर खुलकर चर्चा की।
बैठक में पूर्व सांसद नवीन जिंदल के कुरुक्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ने संबंधी अफवाह का मुद्दा उठा और साफ हो गया कि वह कुरुक्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगे। पूर्व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के नाम पर किसी संसदीय क्षेत्र से चर्चा नहीं होने के बाद साफ हो गया कि उनकी कांग्रेस में हाल फिलहाल एंट्री नहीं हो रही है।

रोहतक में मौजूदा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, भिवानी-महेंद्रगढ़ में पूर्व सांसद श्रुति चौधरी, कुरुक्षेत्र में पूर्व सांसद नवीन जिदंल, अंबाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य कु. सैलजा तथा सिरसा में हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर का चुनाव लड़ना तय है। इन पांचों सीटों पर उम्मीदवारों की विधिवत घोषणा किसी भी समय हो सकती है। पांच सीटों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, हिसार और करनाल पर चर्चा हुई, जहां कई-कई दावेदार लाइन में हैं। तय हुआ कि इन सीटों के पैनल पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जो भी फैसला लेंगे, वह सभी को मान्य होगा।


करनाल में पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा के नाम पर चर्चा हुई, लेकिन यहां तंवर खेमा किसी पंजाबी को चुनाव लड़ाना चाहता है, जबकि हुड्डा खेमे की ओर से हरियाणा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन कुंडू व मराठा वीरेंद्र वर्मा के नाम आए हैं। नगर निगम के चुनाव में सांझा उम्मीदवार मनोज वधवा पर भी चर्चा हुई।

सोनीपत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को चुनाव लड़ाने की बात बैठक में आई, लेकिन हुड्डा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार में लगाया जाएगा, इसलिए यहां आशा हुड्डा के नाम पर भी चर्चा हुई है। हिसार लोकसभा सीट पर अभी पेंच फंसा हुआ है। यहां पार्टी के अधिकतर नेता कुलदीप बिश्नोई को चुनाव लड़ाने के हक में हैं, लेकिन कुलदीप अपने बेटे भव्य बिश्नोई के लिए टिकट मांग रहे हैं। फरीदाबाद सीट पर पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना, महेंद्र प्रताप सिंह और करण सिंह दलाल के नामों पर चर्चा हुई, जबकि गुरुग्राम में कैप्टन अजय सिंह यादव और राव दान सिंह के नामों पर चर्चा हुई है।


credit jagran network 

No comments:

IMPORTANT-------ATTENTION -- PLEASE

क्या डबवाली में BJP की इस गलती को नजर अंदाज किया जा सकता है,आखिर प्रशासन ने क्यों नहीं की कार्रवाई