वर्तमान सरकार के रूप में लुटेरों का गिरोह कर रहा काम: अभय चौटाला


डबवाली न्यूज़ डेस्क 
इनेलो के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार के रूप में लुटेरों का गिरोह है और इस गिरोह से प्रदेशवासियों को केवल इनेलो ही मुक्ति दिला सकती है। वे शुक्रवार को गांव पन्नीवाला मोटा में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम के दौरान हलका कालांवाली के गांव सिकंदरपुर, वैदवाला व पन्नीवाला मोटा से करीब 200 से अधिक लोगों ने विभिन्न राजनीतिक दल छोड़कर इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। इस अवसर पर युवा इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत सिंह संधु के नेतृत्व में असंध, महेंद्रगढ़, रोहतक व झज्जर से आए हुए युवाओं को भी इनेलो पार्टी में शामिल किया गया। इस दौरान इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने सभी को इनेलो का पटका पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया और उन्हें पार्टी में हर प्रकार का मान सम्मान देने का भरोसा दिलाया। कृपाराम कसवां, राहुल डूडी, रामसिंह कसवां, जगतपाल सहारण व अनिल डूडी के प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेशभर में लोगों का रूझान दिनोंदिन बढ़ रहा है क्योंकि वर्तमान प्रदेश सरकार से सभी वर्ग त्रस्त हैं और कांग्रेस में आपसी फूट है, ऐसे में प्रदेशवासियों की आशा केवल इनेलो ही है जिसमें सभी वर्गों के हित सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि जो पार्टी चौधरी देवीलाल का नाम लेकर सत्ता में आई, वह सत्तासीन होते ही उनकी नीतियों व आदर्शों को पूरी तरह से भूल गई और नित्य घोटालों को अंजाम देने में जुटी है। ऐसी स्वार्थ पर टिकी पार्टी को प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रदेश सरकार ने जनता को जमकर लूटा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेशभर में केवल लोगों की आशा इनेलो से ही है। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा व भाजपा पर आपसी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले राज्यसभा में सदस्य भेजने के नाम पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा की वजह से ही भाजपा के सदस्य सुभाष चंद्रा राज्यसभा में जा सके थे। उन्होंने कहा कि रोड़ी का विधायक होने के दौरान उन्होंने पन्नीवाला मोटा सहित तमाम क्षेत्र में विकास कार्य करवाए थे जो आज तक भी मिसाल है, मगर मौजूदा सरकार ने कभी भी उन विकास कार्यों को आगे नहीं बढ़ाया। बाद में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जिस प्रकार दिन प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग इनेलो से जुड़ रहे हैं, उसका प्रभाव बरोदा उपचुनाव में अवश्य पड़ेगा और पार्टी विजय का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार की नीयत साफ है तो वह बर्खास्त किए गए 1983 पीटीआई की पुन: नियुक्ति के लिए निकट भविष्य में होने वाले सत्र में कानून बनाकर उन्हें बहाल कर सकती है। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बिजली मंत्री रणजीत सिंह जब तक कांग्रेस में रहे तब तक विजयी नहीं हो सके और जब उन्होंने चौधरी देवीलाल की नीतियों का नाम लेकर चुनाव प्रचार किया तो जनता ने उन्हें स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में पानीपत की छठी इकाई जो चौधरी देवीलाल के नाम से थी, उसका नाम हटाया गया था क्या अब बिजली मंत्री पुन: उस इकाई का नाम चौधरी देवीलाल के नाम से करेंगे? इससे पूर्व सैकड़ों बाइक सवार युवकों ने मुख्य आयोजन स्थल तक उनका जयघोष के साथ अभिनंदन किया। इस अवसर पर युवा इनेलो नेता कर्ण सिंह चौटाला, इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, विनोद बेनीवाल, इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य जसवीर सिंह जस्सा, सुभाष नैन, युवा इनेलो अध्यक्ष सुरजीत सिंह संधु, जसविंद्र बिंदु, गुरविंद्र सिंह, इनेलो प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, धर्मवीर नैन, विनोद दड़बी, मंदर सिंह ओढ़ां सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

No comments:

IMPORTANT-------ATTENTION -- PLEASE

क्या डबवाली में BJP की इस गलती को नजर अंदाज किया जा सकता है,आखिर प्रशासन ने क्यों नहीं की कार्रवाई