आर्य समाज के अध्यक्ष चुने गए एसके आर्य , डॉ. रामफल आर्य उपाध्यक्ष व राजन सुंधा महामंत्री बने
Dabwalinews.com
शहर की अग्रणी संस्था आर्य समाज डबवाली के कार्यकारिणी सदस्यों की एक बैठक संस्था के संरक्षक डॉ. भारत भूषण छाबड़ा के क्लिनिक पर कोषाध्यक्ष व सम्पत्ति अधिकारी भारत मित्र छाबड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
जिसमें आर्य समाज के अध्यक्ष एसके दुआ, उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंगला एवं वरिष्ठ सदस्य डॉ. अशोक आर्य के आक्समिक निधन हो जाने के चलते रिक्त हुए पदों पर नियुक्ति को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इससे पूर्व दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई।
तदोपरांत बैठक में उपस्थित प्रचार प्रमुख विजय कुमार शास्त्री ने अध्यक्ष पद के लिए एसके आर्य का नाम प्रमुखता से रखा। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से करतल ध्वनि के मध्य एसके आर्य के नाम पर मोहर लगा दी। जबकि उपाध्यक्ष के पद पर डॉ. रामफल आर्य को चुना गया। एसके आर्य के अध्यक्ष पद पर चुने जाने के बाद रिक्त हुए महामंत्री के पद पर राजन सुंधा को चुना गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष एसके आर्य ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा व समर्पित भाव से निभाएंगे और दिवंगत अध्यक्ष एसके दुआ के अधूरे सपनों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले कोविड-19 और फिर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व वरिष्ठ सदस्य के आक्समिक निधन से वार्षिक वेद प्रचार उत्सव का आयोजन नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही वार्षिक वेद प्रचार उत्सव के आयोजन को लेकर आर्य जगत के प्रकांड विद्वानों व भजनोपदेशकों से संपर्क करके तारीखें सुनिश्चित करेंगे ताकि उत्सव के आयोजन में कोई व्यवधान न पड़े। यह जानकारी देते हुए प्रचार प्रमुख विजय कुमार शास्त्री ने बताया कि बैठक में कुलदीप सिंह पटवारी, विजय कामरा, मनोज वधावन, वरिंद्र छाबड़ा, भीम राये आर्य, जगरूप सिंह आदि मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment