डबवाली में अडिशनल सेशन कोर्ट व फसल बीमा योजना के बारे में अमित सिहाग ने विधानसभा सत्र हेतु भेजे 13 अहम सवाल

Dabwali News
आगामी 25 अगस्त से शुरू होने जा रहे तीन दिवसीय विधानसभा मानसून सत्र के लिए हल्का डबवाली के विधायक अमित सिहाग ने विभिन्न मुद्दों पर 13 अहम सवाल भेजे हैं।विधायक मुख्य तौर पर डबवाली में एडीशनल सेशन कोर्ट शुरू करने व फसल बीमा योजना के कारण किसानों को आ रही समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। डबवाली को पुलिस जिला बनाने की अपनी मांग के पूरा होने के बाद विधायक अमित सिहाग ने डबवाली में अडिशनल सेशन कोर्ट शुरू करवाने की तरफ कदम बढ़ाते हुए सरकार से इस संदर्भ में प्रश्न पूछ कर नई पहल शुरू की है,इसके साथ ही विधायक फसल बीमा योजना के कारण किसानों को आ रही समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा करने जा रहे हैं।
इस संदर्भ में अधिक जानकारी देते हुए विधायक अमित सिहाग ने कहा कि युवाओं,कर्मचारियों,किसानों,बुजुर्गों, हलका डबवाली तथा पूरे हरियाणा के ज्वलंत मुद्दे बहुत अधिक हैं जिन पर चर्चा होनी जरूरी है,लेकिन सरकार द्वारा केवल 3 दिन का मानसून सत्र रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद आमजन के माध्यम से जो मुख्य समस्याएं उनके समक्ष आई हैं उनको वो सरकार के समक्ष विधानसभा में रख कर उनका समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।


विधायक अमित सिहाग द्वारा मानसून विधानसभा सत्र हेतु भेजे गए प्रश्न निम्नलिखित है:
1. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) वर्ष 2020 से 2023 तक सिरसा जिले के किसानों से फसल बीमा योजना के तहत कितना प्रीमियम वसूला गया है? सरकार प्रत्येक विधानसभा का वर्षवार डाटा उपलब्ध करवाए।
(ब) इस योजना के तहत वर्ष 2020 से 2023 तक सिरसा जिले के किसानों को संबंधित बीमा कंपनी द्वारा कितना मुआवजा दिया गया है?
कृपया इसका विधानसभावार और वर्षवार डाटा दे।
(स) वर्ष 2020 से 2023 के लिए सिरसा जिले में कितने किसानों को कितना मुआवजा संबंधित बीमा कंपनी द्वारा भुगतान किया जाना शेष है।डबवाली हल्के के उन किसानों के नाम,गांव का नाम का वर्षवार डाटा प्रदान करें जिन्हें अभी पिछले 4 सालों का मुआवजा नहीं मिला।
2. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे ?
डबवाली व चौटाला की सिरसा मुख्यालय से क्रमश: 60-90 किलोमीटर की दूरी व बढ़ रही अपराधिक मामलों की संख्या को देखते हुए डबवाली में अतिरिक्त सत्र न्यायालय खोलने पर सरकार विचार करेगी
(अ) यदि हां तो कब तक।
(ब) यदि नहीं तो कृपया कारण बताएं।
3. क्या संबंधित मंत्री यह बताएंगे कि
(अ) हरियाणा सरकार डबवाली विधानसभा के सरकारी कॉलेजों में पीजी कोर्स कब तक शुरू करेगी?
(ब) यदि नहीं तो कृपया कारण बताएं।
4. क्या संबंधित मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि
(अ)डबवाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अनअप्रूव्ड कॉलोनियों को नियमित करने की क्या स्थिति है?
(ब) कृपया क्रमवार कॉलोनी के मामलों का विवरण प्रदान करें।
5. संबंधित मंत्री बताएं कि
(अ) सिरसा जिले में हरियाणा सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों को 100 वर्ग मीटर के कितने प्लाट आवंटित किए गए हैं?
कृपया हलके के नाम सहित डाटा प्रदान करें। डबवाली विधानसभा के लिए डाटा गांव के नाम सहित जानकारी उपलब्ध करवाएं।
(ब) डबवाली विधानसभा में कितने जरूरतमंद लोगों को इन प्लाटों का कब्जा दिया गया है?
कृपया गांव के नाम सहित डाटा प्रदान करें। सिरसा जिले के लिए विधानसभावार डाटा प्रदान करें।
(स) डबवाली विधानसभा में ऐसे कितने प्लांट मालिक हैं जिन्हें सड़क,बिजली आदि जैसी मूलभूत सुविधाएं दी गई है।
6. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) क्या डबवाली नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले पार्कों की बेहतरी और उत्थान के लिए कोई प्रस्ताव विचाराधीन है?
(ब) यदि हां तो कृपया प्रत्येक पार्क के लिए बनाई गई विस्तृत योजना प्रदान करें।
(स)काम कब तक शुरू और पूरा होने की संभावना है इसकी भी जानकारी दें।
7. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) मंडी डबवाली में गुरु गोबिंद सिंह जी खेल स्टेडियम के नवीनीकरण और उत्थान के लिए कोई प्रस्ताव है?
(ब) यदि हां तो कृपया विस्तृत योजना बताएं, कार्य कब तक शुरू व पूरा होने की संभावना है?
8. संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) क्या हरियाणा सरकार ढाणियों के लिए रास्ता पक्का करने के लिए खेत खलिहान योजना शुरू करने पर विचार कर रही है?
(ब) यदि हां तो कृपया विस्तृत योजना सांझी करें, इसके पुन: आरंभ होने की संभावना कब तक है?
9. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) ब्लॉक डबवाली और ओढां के लिए हरियाणा सरकार की योजना के तहत मेरे द्वारा प्रस्तावित ई-लाइब्रेरी, जिम और महिला प्रशिक्षण केंद्रों का निर्माण और संचालन कब तक होने की संभावना है? कृपया विस्तृत डिजाइन प्रदान करें। उपरोक्त में से प्रत्येक के लिए संबंधित विभाग द्वारा क्या रूपरेखा बनाई गई है?
10. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत भर्ती की प्रक्रिया और मानदंड क्या है?
(ब) जिला सिरसा में अब तक कितनी भर्तियां इसके माध्यम से की गई है।
(स) हरियाणा कौशल रोजगार निगम के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पदों के लिए वेतन संरचना क्या है?
11. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार डबवाली को पुलिस जिला बनाने की दिशा में सरकार की औपचारिकताएं कब तक पूरी हो जाएंगी?
(ब) एसपी की नियुक्ति कब होगी?
(स) डबवाली को पुलिस जिला बनाने की दिशा में क्या प्रावधान किए जाएंगे?
12. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) डबवाली अग्निकांड स्मारक को राजकीय स्मारक बनाने के लिए भेजे गए प्रस्ताव की मौजूदा स्थिति क्या है?
13. क्या संबंधित मंत्री बताएंगे कि
(अ) क्या हरियाणा सरकार पुलिस सुधार करने के लिए कोई ठोस विचार कर रही है?
(ब) यदि हां तो कृपया विवरण सांझा करें।

No comments:

IMPORTANT-------ATTENTION -- PLEASE

क्या डबवाली में BJP की इस गलती को नजर अंदाज किया जा सकता है,आखिर प्रशासन ने क्यों नहीं की कार्रवाई