शहर के वार्ड न. 19, शिव नगर में पेयजल पाइप डालने की वर्षों पुरानी मांग पूरी,पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरु
डबवाली- शहर के वार्ड न. 19, शिव नगर में पेयजल पाइप डालने की वर्षों पुरानी मांग हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पूरी कर दी है। वीरवार को शिव नगर में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरु कर दिया गया। भाजपा के जिला सचिव पूर्व पार्षद शाम लाल कुक्कड़, वार्ड 19 के पार्षद हरजिंद्र सिंह गिल, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुखजीवन सिंह, महामंत्री कुलदीप सिंह व सुखमंद्र सिंह ने अन्य वार्डवासियों के साथ मिलकर उपरोक्त कार्य का शुभारंभ किया। यह कार्य शुुरु होने से शिव नगर वासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है व लोगों को इलाके में व्याप्त पेयजल समस्या का शीघ्र ही समाधान होने की उम्मीद है।
मिली जानकारी के मुताबिक गत नगरपरिषद चुनावों के दौरान मौजूदा भाजपा पार्षद हरजिंद्र सिंह गिल के चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष आदित्य देवी लाल ने शिव नगर वासियों को वादा किया था कि पूरे शिव नगर में पेयजल पाइप बिछाकर उनकी पेयजल समस्या का समाधान किया जाएगा। हरजिंद्र सिंह गिल के चुनाव जीतने के बाद उन्होंने तुरंत अपना यह वादा निभाने के लिए प्रयास शुरु कर दिए। पिछले दिनों आदित्य देवी लाल ने जिला सचिव शाम लाल कुक्कड़ के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर अन्य मांगों के साथ शिव नगर की मांग भी उठाई। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए शाम लाल कुक्कड़ को इस कार्य को पूरा करवाने की ड्यूटी लगाई। इस प्रकार पेयजल पाइप बिछाने की उक्त योजना अब सिरे चढ़ गई है और वार्डवासियों ने जिला सचिव शाम लाल कुक्कड़ के कर कमलों से कार्य शुरु करवाया। इस मौके पर शाम लाल कुक्कड़ व पार्षद हरजिंद्र सिंह गिल ने कहा कि शिव नगर की गलियों का निर्माण भी जल्द शुरु करवाया जाएगा व अन्य समस्याएं भी दूर की जाएंगी।
वहीं, इस मांग को पूरा करने के लिए वार्डवासियों ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल, भाजपा के जिला अध्यक्ष आदित्य देवी लाल के साथ-साथ जिला सचिव शाम लाल कुक्कड़ व पार्षद हरजिंद्र सिंह गिल का भी आभार जताया है। इस मौके पर जगदीप सिंह बराड़, दूलीचंद, जग्गा राम, कर्मचंद, पप्पू सिंह, सतपाल सिंह, बलविंद्र सिंह कान्हा, जोगिंद्र सिंह लड्डू, पूर्व पार्षद आत्मा राम सहित अन्य लोग मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment