65 लाख की साइबर ठगी: पति-पत्नी दिल्ली से गिरफ्तार, बीमा पॉलिसी के नाम पर सिरसा की महिला से की गई ठगी
डबवाली न्यूज - सिरसा की एक महिला से बीमा पॉलिसी के नाम पर 65 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की टीम ने एक महिला और उसके पति को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार और तानिया के रूप में हुई है, जो करावल नगर और अंबेडकर नगर, दिल्ली के निवासी हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
भूषण ने बताया कि इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। रिमांड अवधि के दौरान इनसे ठगी की राशि बरामद करने और उनके अन्य साथियों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिरसा की महिला के साथ 65 लाख रुपए की ठगी के मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस मामले में 27 सितंबर 2023 को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, सिरसा में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपियों और उनके सहयोगियों ने महिला को बीमा पॉलिसी के नाम पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगी की थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की योजना बनाई है और ठगी की राशि को बरामद करने की दिशा में काम कर रही है।
No comments:
Post a Comment