विद्युत निगम की मनमानी से खेतों में फसलें हो रही हैं बर्बाद, किसानों में रोष: विनोद अरोड़ा
विनोद अरोड़ा ने लगाया आरोप, विद्युत निगम में वसूली का खेल खूब चल रहा
डबवाली
इनेलो के डबवाली हलका प्रधान विनोद अरोड़ा ने कहा कि विद्युत निगम की मनमानियों के कारण भीषण गर्मी के इस मौसम में इलाके के किसानों में भारी रोष है। विद्युत निगम किसानों की फसलें बर्बाद करने पर तुला हुआ है जिससे उनमें हाहाकार की स्थिति बन गई है। आधे किसान कर्ज में डूबे हुए हैं और अब विद्युत निगम की मनमानियों के कारण किसानों की फसलें खराब होने से उन पर आर्थिक बोझ ओर बढ़ रहा है।मंगलवार को जारी प्रैस बयान में विनोद अरोड़ा ने कहा कि बारिश न आने की वजह से खेतों में पानी की सख्त जरुरत हैं। किसान नलकूप के पानी पर निर्भर हैं लेकिन खेतों को बिजली नहीं आने, कम वोल्टेज व ट्रांसफार्मर जलने के कारण नलकूप का पानी भी पर्याप्त नहीं मिल रहा। गांवों में स्थिति यह है कि नलकूप के ट्रांसफार्मर लगातार खराब हो रहे हैं। कहीं कम वोल्टेज की समस्या लंबे समय से बनी है, कहीं लोड़ बढ़ने के कारण बिजली ट्रिपिंग हो रही है। तारें भी पुरानी होने कारण गर्मी में लोड़ को नहीं झेल पा रही। इस कारण किसानों को गर्मी में बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन विद्युत निगम के अधिकारी कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं। किसानों की समस्याओं को पूरी तरह से नजर अंदाज कर रखा है। ट्रांसफार्मर बदलने में कई-कई दिन लग जाते हैं और विभाग के पास बदलने के लिए तारें भी नही हैं। ऐसे में किसानों को अपनी फसलें बचाना मुश्किल हो रहा है। अनेक गांवों में किसान धरने आदि देने को मजबूर हैं।
विनोद अरोड़ा ने बताया कि अबूबशहर गांव में अनेक किसान उनसे मिले थे जिन्होंने बताया कि अगर रात को उनकी बिजली खराब हो जाए तो उसे संभालने वाला कोई नहीं होता। गर्मी के बीच किसान परेशान होते रहते हैं। कई बार तो उनकी बारी भी व्यर्थ चली जाती है। किसानों ने बताया कि कई कर्मचारी सेटिंग के साथ कार्य करते हैं। विनोद अरोड़ा ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम में वसूली का खेल खूब चल रहा है। बताया जाता है कि जिस लाइन में उन्हें वसूली हो जाती है वहां सुनवाई करते हैं और जिस इलाके में वसूली नहीं होती उसमें बिजली संकट पैदा कर किसानों को परेशान करते हैं।
विनोद अरोड़ा ने विद्युत निगम के अधिकारियों को चेताया कि यदि जल्द ही उन्होंने अपनी कार्यप्रणाली को नहीं सुधारा तो इनेलो पार्टी द्वारा आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता किसानों को साथ लेकर जोरदार संघर्ष करेंगे और निगम को कार्यप्रणाली सुधारने को मजबूर कर देंगे।
No comments:
Post a Comment