धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व, बच्चों ने सीखे मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्श
डबवाली, 12 अक्टूबर 2024
राजाराम कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के परिसर में दशहरा पर्व बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों ने रामायण के पात्रों की वेशभूषा धारण कर अद्भुत प्रस्तुति दी और सांस्कृतिक नृत्य कर पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया।
स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती चंदन अरोड़ा ने बताया कि ऐसे उत्सव बच्चों को अपनी संस्कृति और शास्त्रों की जानकारी देते हैं। इस मौके पर स्कूल की मैनेजिंग कमेटी के प्रधान श्री सुनील गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सभी को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। वहीं, मैनेजिंग कमेटी के सचिव श्री प्रदीप गुप्ता ने बच्चों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों पर चलने और आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
स्कूल की अध्यापिका श्रीमती आशा रानी ने अपने वक्तव्य में दशहरे के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हर वर्ष अश्विनी मास की शुक्ल दशमी के दिन मनाया जाता है। इसे दुर्गोत्सव के रूप में भी जाना जाता है, जब माता दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था।
समारोह के अंत में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया, जिसके दौरान विद्यालय प्रांगण में 'जय श्रीराम' के नारों की गूंज सुनाई दी। इस प्रतीकात्मक दृश्य ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देते हुए सभी को प्रेरित किया।
No comments:
Post a Comment