श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश उत्सव ,13 नवंबर को श्री अखंड पाठ जी का प्रकाश व विशाल नगर कीर्तन निकलेगा,15 नवंबर को भोग डाला जाएगा
डबवाली-पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश उत्सव डबवाली में सिख संगतों द्वारा श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके तहत 13 नवंबर बुधवार को सब्जी मंडी में स्थित कलगीधर सिंह सभा गुरुद्वारा साहिब में सुबह 9:30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का प्रकाश होगा।
इसके बाद संगतों द्वारा विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह जानकारी देते हुए हरियाणा गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य मलकीत खालसा ने बताया कि यह नगरकीर्तन सुबह 10:30 बजे कलगीधर सिंह सभा गुरुद्वारा से शुरू होकर सब्जी मंडी, गोल बाजार, मेन बाजार, कॉलोनी रोड, बस स्टैंड, गोल चौक व जीटी रोड सहित शहर के मुख्य मार्गो से होकर निकलेगा। हजारों की संख्या में संगतें इस नगर कीर्तन में शामिल होंगी। जगह-जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया जाएगा। प्रकाश पर्व पर 15 नवम्बर को कलगीधर सिंह सभा गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहब के पाठ का भोग डाला जाएगा व दोपहर 1:30 बजे तक कीर्तन दरबार सजाकर रागी ढ़ाडी जत्थों द्वारा गुरु की वाणी का गुणगान किया जाएगा। इस मौके पर गुरु का लंगर भी अटूट बरतेगा। उन्होंने संगतों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपरोक्त कार्यक्रम में शामिल होकर गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त करें। लंगर में भी हिस्सा डालकर पुण्य के भागी बनें।
Labels:
Dabwali
No comments:
Post a Comment